मड़ावरा। विकासखंड मड़ावरा के ग्राम पिपरट स्थित प्राथमिक विद्यालय पिपराट में नवोदय विद्यालय में चयनित छात्रा नैन्सी राजपूत के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रखवारा पिपरट श्री पुष्पेंद्र सिंह यादव रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत गांव में प्रभात फेरी निकालकर की गई। प्रभात फेरी के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर छात्रा नैन्सी राजपूत का फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया। पूरे गांव में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री पुष्पेंद्र सिंह यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन, अनुशासन एवं कठिन परिश्रम से विद्यार्थी बड़ी सफलताएं प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने छात्रा की सफलता को पूरे गांव एवं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।
मनोहर सिंह लोधी ने कहा कि नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्था में चयन होना अत्यंत कठिन होता है और यह सफलता छात्रा की मेहनत एवं लगन का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
दिनेश पटेल ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने छात्रा की सफलता को नारी शक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसे अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
श्री सुरेश सिंह शिक्षक ने अपने संबोधन में समाज की बुराइयों को त्यागकर सत्य, शिक्षा एवं धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय वर्मा ने छात्रा की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन एवं सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा छात्रा नैन्सी राजपूत को शील्ड एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री वृंदावन सिंह यादव (पूर्व प्रधान), श्री मेहरबान सिंह, श्री चंदन सिंह, श्री मुलायम सिंह, श्री भरत बारोलिया, श्री हेमंत सिंह यादव, छात्र माही यादव, सतेन्द्र सिंह सहित ग्रामीणजन, अभिभावकगण, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संकुल कपिल पाल ने किया, जबकि आभार दीपक सर द्वारा व्यक्त किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

▶️पत्रकार रामजी तिवारी मड़ावरा
▶️संपादक स्वराज भास्कर
▶️खबरों एवं जुड़ने के लिए सम्पर्क करें 👇
▶️9455422423,9695121690








