रत्नत्रय दिवस के रूप में मनाया आर्यिका गणिनी ज्ञानमती माताजी का अवतरण दिवस।

शरद पूर्णिमा पर जैन मिलन बहुमण्डल शाखा एवं जैन युवा सेवा संघ ने किया मिष्ठान्न वितरण।
ललितपुर। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिद्ध क्षेत्र पावागिरि सहित तालबेहट के दोनों जैन मंदिरों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य आचार्य विद्यासागर, नवाचार्य समयसागर एवं मुनि पूज्यसागर महाराज का अवतरण दिवस गुरु उपकार दिवस एवं आर्यिका गणिनी ज्ञानमती माताजी का अवतरण दिवस रत्नत्रय दिवस के रूप में मनाया। सुबह भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुँचकर अभिषेक शांतिधारा पूजन विधान में भाग लिया। कस्बे के वासुपूज्य दिगम्बर जैन मंदिर में जैन मिलन की वीरांगनाओं ने आचार्य श्री की भक्तिभाव के साथ पूजन की एवं भक्तामर महामंडल विधान का आयोजन किया । इस अवसर पर भारतीय जैन मिलन बहुमण्डल शाखा ने नये बस स्टैंड पर मिष्ठान्न एवं जैन युवा सेवा संघ ने कीर्ति स्तम्भ पर प्रसाद वितरण किया। सायं कालीन बेला में मंगल आरती के कार्यक्रम में बैंडबाजों की धार्मिक धुनों पर मंगल आरती की भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। कीर्ति स्तम्भ पर दीप प्रज्वलित किये। मंदिर में णमोकार महामंत्र का पाठ किया एवं भक्तामर पाठ के साथ 48 दीपक प्रज्वलित कर मूलनायक भगवान एवं आचार्य श्री की महाआरती की गयी। भारतीय जैन मिलन द्वारा अंजना मोदी, नीतू बुढ़पुरा, राजुल पवा, संगीता मिठया को रानी अब्बक्का चौटा गौरव सम्मान से विभूषित किये जाने पर सम्मानित किया गया। ज्ञानोदय श्रमण संस्कृति पाठशाला के बच्चों ने सुन्दर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अंजू, अलका, शिखा, नीतू, रागिनी, स्वाति, शिवानी, सारिका, सोनम, राखी, जूली, पिंकी, सौम्या, प्रिया, अंजली सहित सकल दिगम्बर जैन समाज का सक्रिय सहयोग रहा। संचालन जैन मिलन के अध्यक्ष विशाल जैन पवा ने किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष पुष्पेंद्र जैन विरधा ने सभी का आभार व्यक्त किया।







