महरौनी, ललितपुर।

सावन के पावन अवसर पर श्री आनंदपुर ट्रस्ट शाखा-अखंड धाम आश्रम महरौनी में कुंडेश्वर धाम की ओर प्रस्थान कर रहे शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की सेवा में श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आश्रम के मुख्य द्वार पर बनाए गए सेवा पंडाल में सुबह से ही स्वच्छ पेयजल, चाय, फल, जलपान एवं प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई, जो रात्रि 8 बजे तक निरंतर सुचारू रूप से चलती रही।
कुंडेश्वर धाम की ओर बढ़ती कांवड़ यात्रियों की विशाल टोलियों के आश्रम पहुंचते ही संतों एवं सेवाभावियों द्वारा आत्मीयता से स्वागत किया गया। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के गगनभेदी जयघोष से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। हजारों की संख्या में कांवड़ यात्रियों ने सेवा पंडाल में जलपान एवं प्रसाद ग्रहण किया और भगवान शिव का जयघोष करते हुए अपनी यात्रा आगे बढ़ाई।
आश्रम परिसर के साथ मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महरौनी पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा। देर रात तक श्रद्धा, भक्ति और सेवाभाव की अविरल धारा बहती रही तथा पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर नजर आया।
इस पुनीत सेवा आयोजन में संत अघट युक्ति आनंद, संत चेतन युक्ति आनंद, संत चेतन अखंडानंद, पप्पू राजा, बृजेंद्र सिंह, लालाराम बाजपेई, डॉ. राजेंद्र भूषण पटैरिया, विनोद साहू, उम्मेद सिंह पेशकार, राममिलन ललितपुर, डॉ. अतुल सोनी, संजीव बाजपेई पड़वा, प्रितपाल सिंह, भागीरथ साहू, बालचंद साहू, रोहित पटेल, लव कुश मुरादाबाद, अरविंद जैन पंजाब, शैलेंद्र नायक पत्रकार, अवधेश नायक सहित अनेक सेवाभावी श्रद्धालुओं का सहयोग रहा।

coming soon








