मुख्यमंत्री योगी से मिले सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, ललितपुर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी से आज सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने मुलाक़ात कर ललितपुर विधानसभा के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की आधारभूत संरचना, शिक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आवागमन को सुदृढ़ करने से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

विधायक रामरतन कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पंचमुखी हनुमान जी मंदिर के समीप शहजाद नदी पर दीर्घ सेतु का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने पूराकला राजकीय इंटर कॉलेज के विकास एवं वहां आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार का विषय भी प्रमुखता से रखा, जिससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधायक ने बांसी एवं विरधा पुलिस चौकी को पूर्ण थाना बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था मजबूत होगी तथा आमजन को त्वरित सुरक्षा एवं न्याय मिल सकेगा।

इसके अतिरिक्त विधायक ने जखौरा–तालबेहट मार्ग को बेहतर बनाने तथा खेडर नदी पर दीर्घ सेतु के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम होगा तथा विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना और सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि ललितपुर में चहुँमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

भेंट के उपरांत विधायक रामरतन कुशवाहा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से ललितपुर जिला विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप जनहित के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd
Picture of रामजी तिवारी मड़ावरा

रामजी तिवारी मड़ावरा

चीफ एडिटर – स्वराज भास्कर

रामजी तिवारी मड़ावरा एक अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार हैं, जो उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश की जमीनी खबरों को सटीकता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों के अनुभव के साथ, उनका उद्देश्य समाज तक सच्ची, निष्पक्ष और प्रभावशाली खबरें पहुंचाना है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य