महरौनी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचत एवं वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित किया गया। इस दौरान संस्था की ओर से संदेश दिया गया कि “स्वच्छ प्रकृति, श्रेष्ठ संस्कृति और शुद्ध संकल्प से ही सुंदर विश्व का निर्माण संभव है।”
कार्यक्रम के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाइयों ने वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा जनजागरण रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से लोगों को पेड़ लगाने, जल संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया।
ब्रह्माकुमारी दीदियों ने कहा कि केवल बाहरी प्रदूषण ही नहीं, बल्कि मन के नकारात्मक विचार भी वातावरण को प्रभावित करते हैं। जब मन शुद्ध और सकारात्मक होगा, तभी प्रकृति के संरक्षण की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और प्राकृतिक असंतुलन का प्रमुख कारण मानव की असंयमित जीवनशैली है। योग, सकारात्मक सोच और सात्विक जीवनशैली अपनाकर धरती को पुनः स्वर्ग समान बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रमुख नारों में— “जीवन सुखी बनाए हम, आओ पेड़ लगाए हम”, “धरती पर हरियाली हो, जीवन में खुशहाली हो”, “पेड़ हमारे जीवनदाता, इनसे हमारा गहरा नाता” तथा “अगर भविष्य में पीना पानी, जल संरक्षण इसकी निशानी” जैसे संदेश शामिल रहे।
इस अवसर पर बीके प्रियंका दीदी, बीके प्रिया बहन, शोभा बहन, रीता बहन, सपना बहन, सविता बहन, रामलली बहन, सीता बहन, रजकुमार, रजनी तथा गेंदा भाई सहित अनेक ब्रह्माकुमारी भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।









