विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता प्रबंधन को लेकर किया गया जनजागरूकता कार्यक्रम

महरौनी (ललितपुर)।
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर नगर पंचायत महरौनी द्वारा इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु संरक्षण के लिए समर्पित और सुरक्षित भविष्य के लिए प्रतिबद्ध” को केंद्र में रखते हुए बानपुर रोड स्थित कान्हा गौशाला में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कटहल, आम, नीम, शीशम, आंवला सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें लोहे की जालियों से संरक्षित भी किया गया, जिससे उनके बेहतर संरक्षण और विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।
पौधरोपण के उपरांत नगर पंचायत कार्यालय में एक विशेष उन्मुखीकरण सत्र का आयोजन किया गया। इसमें पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026, सर्वोच्च न्यायालय के संबंधित आदेशों, 4-बिन सेग्रीगेशन प्रणाली, वार्ड स्तर पर स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन जागरूकता अभियान तथा स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) 2.0 के विभिन्न घटकों जैसे विजिबल क्लीननेस एवं स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी साक्षी साहू, पार्षद जाकिर अली, पवन जैन, पार्षद प्रतिनिधि अनिल शर्मा एवं उदयभानु सिंह, राघवेन्द्र पटेरिया (टीटू पटेरिया), रवि खरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नामित सदस्य एवं नगर पंचायत के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।








