*कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, क्रय केन्द्र, राजकीय बाल गृह, आयुष चिकित्साल व अमृत योजना के जलाशय का किया निरीक्षण*
*कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को आगामी 25 तारीख तक हैण्डओवर करने के दिये निर्देश*
*इलाइट चौराहा स्थित जलाशय से 15 दिन के भीतर आपूर्ति सुचारु कराकर घर-घर शुद्ध जल पहुंचाने के दिये निर्देश*

ललितपुर। शनिवार को अपने एक दिवसीय भ्रमण के दौरान मण्डलायुक्त झांसी मण्डल, झांसी श्री बिमल कुमार दुबे ने जिले की विभिन्न परियोजनाओं व कार्यालयों का निरीक्षण किया और शासन के निर्देशानुसार अधिकारियों को कार्य करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सर्वप्रथम दैलवारा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास के नवनर्मित भव का निरीक्षण किया, यहां पर उन्होंने सभी कक्षों, बच्चों के सयन कक्षों, किचिन, शौचालय आदि को देखा, मौके पर कई छोटी-छोटी कमियां मिलीं, जिनमें खिड़की, दरवाजे, नल, सीड़ी आदि में सुधार की जरूरत थी, मण्डलायुक्त ने तत्काल कार्यदायी संस्था को उक्त कमियां दूर कराते हुए आगामी 25 तारीख तक सम्बंधित विभाग को हैण्डऑवर करने के निर्देश दिये।
इसके उपरान्त उन्होंने गांव के ही क्रय केन्द्र का निरीक्षण किया, उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनी, किसानों ने बताया कि क्रय केन्द्र पर बोरों की कमी है, जिससे उठान में समस्या हो रही है। मण्डलायुक्त ने क्रय केन्द्र प्रभारी को तत्काल बोरों की व्यवस्था कराकर उठान कराने व केन्द्र पर किसानों के लिए छायादार स्थान, पेयजल आदि की व्यवस्था कराने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में मण्डलायुक्त ने राजकीय बाल गृह (बालक), दैलवारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं-चिकित्सा, शिक्षा, खानपान, खेल, व्यायाम आदि के बारे में जानकारी ली तथा उनके कक्षों सहित रसाई व शौचालय आदि को देखा। उन्होंने निर्देश दिये कि बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए, साथ ही समय-समय पर बाल संरक्षण समिति द्वारा निरीक्षण किया जाए ताकि बच्चों को कोई समस्या न हो। साथ ही इन्हें योग एवं व्यायाम कराया जाए ताकि ये स्वस्थ रहें। संस्थाओं में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे सुचारु रखें। संस्थाओं में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गईं।
आयुष चिकित्सालय के निरीक्षण में उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या व ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया, उन्होंने दवा का स्टॉक भी देखा और निर्देश दिये कि चिकित्सक नियमित रुप से उपस्थित रहकर मरीजों को उपचार दें।
अंत में मण्डलायुक्त ने इलाइट चौराहा स्थित अमृत 2.0 योजनान्तर्गत निर्मित जलाशय का भी निरीक्षण किया, बताया गया कि इस जलाशय से लगभग 2 हजार घरों को आच्छादित किया जाएगा, जिसके लिए आज शाम तक तैयारियां पूर्ण कर ली जायेंगी। मण्डलायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिवस के भीतर सभी घरों में पानी की आपूर्ति कराना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान व अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपिस्थित रहे।








