*विधानसभावार बीएलओ ट्रेनिंग कराने के रिटर्निंग अफसरों को दिए निर्देश।*

*राजनैतिक दलों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर परखी सुरक्षा।*
ललितपुर। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में आज दिनांक 24.10.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में एक अति महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के सम्भाजन एवं समायोजन से संबंधित प्रस्तावों को अंतिम रूप प्रदान करने हेतु आयोजित की गई थी।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों तथा जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के सम्मानित प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के पुनर्गठन, सम्भाजन एवं समायोजन के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए तथा यह आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी तर्कसंगत सुझावों का परीक्षण कर आयोग की नियमावली के अनुसार निस्तारण किया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अफसरों (ROs) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ (BLO) के लिए विशेष एवं गहन प्रशिक्षण शिविर आयोजित कराएं। इस प्रशिक्षण में बीएलओ को भारत निर्वाचन आयोग की नवीनतम गाइडलाइंस, तकनीकी ऐप्स, घर-घर जाकर सत्यापन करने की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण संबंधी सभी तकनीकी बिंदुओं से भली-भांति अवगत कराया जाए ताकि धरातल पर कार्य में कोई त्रुटि न रहे।

इसके साथ ही उन्होंने निर्वाचन कार्य की समीक्षा करते हुए समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के लिए निर्देश जारी किए कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत एवं कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सचेत किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण व मतदेय स्थलों के सम्भाजन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनिमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी बीएलओ अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतते पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक एवं कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक के समापन के उपरांत, भारत निर्वाचन आयोग के मानकों व प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्य प्रकाश ने उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम (EVM) वेयरहाउस का बाहरी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ईवीएम वेयरहाउस की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी सर्विलांस, अग्निशमन तंत्र तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की गहन जांच की गई। सुरक्षा में तैनात अधिकारियों को आयोग के सभी सुरक्षा मानकों व दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने के सख्त निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर माननीय विधायक सदर प्रतिनिधि के रूप में श्रीकांत कुशवाहा, विधानसभा क्षेत्र 227-महरौनी से माननीय विधायक के प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह / विनोद राजपूत, आम आदमी पार्टी से जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी, बहुजन समाज पार्टी से जिलाध्यक्ष जानकी प्रसाद, इंडियन नेशनल कांग्रेस से प्रतिनिधि दयाराम रजक (डीजीसी), समाजवादी पार्टी से जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह यादव तथा अपना दल (सोनेलाल) से जिला महासचिव सोहन लाल निरंजन शामिल हुए।








