पुराने कर्मचारियों को हटाने पर रोक लगाने और हटाए गए कर्मियों की बहाली की मांग,

महरौनी, ललितपुर।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ ने संविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विद्युत वितरण मंडल ललितपुर के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। गुरुवार को दिए गए ज्ञापन में कर्मचारियों ने पुराने एवं अनुभवी संविदा लाइनमैनों को हटाने पर रोक लगाने, हटाए गए कर्मचारियों की बहाली सहित अन्य समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि विद्युत वितरण मंडल में बड़ी संख्या में संविदा लाइनमैन एवं कर्मचारी पिछले 10 से 20-25 वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत कर बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और राजस्व वसूली में विभाग का सहयोग किया है। इसके बावजूद कई अनुभवी कर्मचारियों को बिना उचित कारण और प्रक्रिया के काम से हटाया जा रहा है, जिससे उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इसके अलावा बिजली के खंभों, तारों और जोखिम भरे कार्यों के दौरान कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा बिना उचित कारण दूर-दराज के क्षेत्रों में स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
ज्ञापन पर विनय मिश्रा, सत्येंद्र प्रताप भौंडेले, आसिफ खान, रामपाल, अन्नू पाठक, प्रवीण कुमार,अनुराग कुमार, श्रीराम, अनुराग आदि पदाधिकारी व कर्मचारी के हस्ताक्षर अंकित हैं!







